बीकानेर। बीकानेर के कोर्ट परिसर में वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
इस संबंध में सेशन कोर्ट में तैनात होमगार्ड मनीष पारीक ने सदर पुलिस थाने में पुष्पेन्द्र और अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार यह घटना 1 मार्च से 4 मार्च 2026 के बीच कोर्ट परिसर में हुई।
प्रार्थी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने बिना किसी अनुमति के न्यायालय कक्ष में प्रवेश किया और अन्य लोगों के साथ वहां वीडियो रिकॉर्डिंग की। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस घटना से आमजन के बीच न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंची है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

