बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नन्दलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा “प्रज्ञा रत्न अवार्ड 2026” कार्यक्रम का आयोजन 7 मार्च 2026 को रिद्धि सिद्धि पैलेस, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में किया जाएगा। इस समारोह में 25 उत्कृष्ट महिलाओं और लगभग 10 महिला संगठनों को उनके उल्लेखनीय कार्यों और महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से इस कार्यक्रम का आयोजन कर समाज में प्रेरणादायी महिलाओं को मंच प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि इस अवसर पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष विचार गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के सह-संयोजक ज्योति प्रकाश रंगा और अनिल जोशी के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी बीकानेर और प्रदेश की उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज को प्रेरित किया है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें पुष्पा देवी, सुरेंद्र कुमार बद्धाणी, बसंत नौलखा, रामरतन धारणिया, पवन मेहनोत, मुदित खंजाची और डॉ. विकास परीक सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हैं।
- Advertisement -
फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और महिला शक्ति को सम्मान व प्रोत्साहन देना है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, उद्यमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

