बीकानेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यूजीसी से जुड़े मुद्दे को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने प्रधानमंत्री को काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है।
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना पहले से नजरबंद बताए जा रहे हैं और उनके आवास पर पुलिस बल तैनात है। वहीं बीकानेर में भी संगठन से जुड़े नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। देशनोक से मिली जानकारी के अनुसार करणी सेना के उजागर सिंह को कथित रूप से होटल केसर महल से हाउस अरेस्ट किया गया है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक संगठन के कुछ अन्य पदाधिकारियों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि यूजीसी कानून के विरोध में स्वर्ण समाज लगातार आंदोलनरत है और इसी क्रम में अजमेर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाने की घोषणा की गई है।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

