बीकानेर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खुले पड़े टॉयलेट के चैम्बर से 500-500 रुपये के नोट मिलने की सूचना फैली। मामला मुक्ताप्रसाद क्षेत्र स्थित राम मंदिर पार्क के पास का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने जब चैम्बर में नोट देखे तो हाथ डालकर उन्हें निकालना शुरू कर दिया। इसके बाद करीब 15 फीट दूर एक अन्य सीवरेज चैम्बर का ढक्कन खोला गया, जहां गंदे पानी में और नोट पड़े मिले। कुछ लोगों ने नोटों को बाहर निकालकर साफ पानी से धोया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को ऐसा करने से रोका। बरामद किए गए 500 रुपये के नोट पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए। मौके पर मौजूद लोगों ने भी निकाले गए नोट पुलिस को सौंप दिए।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि नोट असली हैं या नकली। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यदि नोट असली हैं तो उन्हें सीवरेज में किसने और क्यों फेंका। मामले की जांच जारी है।

