जयपुर। राजस्थान में इस बार सर्दी समय से पहले विदा होती नजर आ रही है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही प्रदेश में मई-जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। गुरुवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में तेज धूप रही, जिससे दिन में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। बाड़मेर में सबसे अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा 14 शहरों में पारा 33 डिग्री से ऊपर रहा।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। फलोदी में रात का तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ते पारे के कारण घरों में पंखे चलने लगे हैं।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। आगामी 48 घंटों में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना है। अनुमान है कि होली तक गर्मी का असर साफ दिखाई देगा।
- Advertisement -
स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को तेज गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।

