बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हथियारों की बड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। घटना खाजूवाला क्षेत्र की है, जहां सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार भारतीय सीमा में गिराए जाने की सूचना मिली।
जानकारी के अनुसार 24 केएनडी इलाके में एक किसान के खेत में संदिग्ध ड्रोन गिरने की खबर सीमा सुरक्षा बल की इंटेलीजेंस को मिली। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से हथियारों की खेप जब्त कर ली।
बरामद पैकेटों से 5 पिस्टल और करीब 325 जिंदा कारतूस मिले हैं। प्रारंभिक जांच में ड्रोन के चीन निर्मित होने और पाकिस्तान की ओर से भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक ड्रोन के माध्यम से हथियार गिराए जाने की इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। मामले की गहन जांच जारी है और आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

