बीकानेर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र अब नियमित केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इस संबंध में मंगलवार को कृषि विश्वविद्यालय और इग्नू के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
एमओयू पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. आरबी दुबे और इग्नू जोधपुर क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से सहायक क्षेत्रीय निदेशक मुख्तियार अली ने हस्ताक्षर किए। रजिस्ट्रार डॉ. देवाराम सैनी ने बताया कि इस समझौते से इग्नू की सेवाओं का विस्तार होगा और विश्वविद्यालय के छात्र अपनी नियमित डिग्री के साथ इग्नू के ओपन पाठ्यक्रमों में भी अध्ययन कर सकेंगे।
इग्नू के अधिकारियों के अनुसार, नए सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित की गई है। केंद्र के नियमित बनने के बाद बैचलर ऑफ आर्ट्स (होम साइंस) और मास्टर ऑफ आर्ट्स (होम साइंस) जैसे नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। स्थानीय विद्यार्थी, सेवारत कर्मचारी, एयरफोर्स और सेना के जवान भी ओपन एजुकेशन प्रणाली के माध्यम से यहां प्रवेश ले सकेंगे। नियमानुसार विद्यार्थी एक साथ दो डिग्री हासिल करने का अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे।
केंद्र समन्वयक डॉ. दाताराम ने बताया कि वर्तमान में करीब 10 पाठ्यक्रमों में लगभग 250 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें डिप्लोमा इन अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन, डिप्लोमा इन न्यूट्रिशन एंड हेल्थ एजुकेशन, एमएससी फूड सेफ्टी एंड क्वालिटी मैनेजमेंट, एमबीए एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट, एमएससी एनवायरनमेंट साइंस, सर्टिफिकेट इन ऑर्गेनिक फार्मिंग, सर्टिफिकेट इन डिजास्टर मैनेजमेंट और डिप्लोमा इन एग्रीकल्चरल कॉस्ट मैनेजमेंट जैसे कोर्स शामिल हैं।

