बीकानेर। बीकानेर में गोल्ड लोन दिलाने के नाम पर 1 लाख 66 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोटगेट पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगाशहर रोड स्थित लक्ष्मी प्लाजा निवासी किशन गोपाल गहलोत ने बाबूलाल नामक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। घटना 17 दिसंबर 2024 को IIFL Finance Limited, लक्ष्मी प्लाजा शाखा से जुड़ी बताई जा रही है।
परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने ‘क्रेप्री ग्लोबल कैपिटल इंडिया’ के गोल्ड लोन को बंद करवाकर IIFL Finance Limited में नया गोल्ड लोन दिलाने का आश्वासन दिया। इसके एवज में आरोपी ने एडवांस के रूप में 1 लाख 66 हजार रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने न तो गोल्ड लोन दिलवाया और न ही सोना वापस किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

