बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ दो महिलाओं ने एक बुजुर्ग महिला के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उन पर और उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नोखा पुलिस ने रविवार देर रात संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दाना डालने गई बुजुर्ग पर हमला: घटना 22 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित बुजुर्ग महिला सुगनी देवी राजपुरोहित रोज़ाना की तरह गांव के एक धार्मिक स्थल (धुने) पर पक्षियों को दाना डालने गई थीं। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद मीरा देवी और गुड्डी राजपुरोहित ने उन्हें देखते ही अकारण गालियां देना शुरू कर दिया।
मुक्का मारकर जमीन पर गिराया: जब सुगनी देवी ने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया, तो विवाद हिंसक हो गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी गुड्डी ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर ज़ोरदार मुक्का जड़ दिया, जिससे वह संभल नहीं पाईं। इसके तुरंत बाद दूसरी आरोपी महिला ने उन्हें धक्का देकर ज़मीन पर गिरा दिया, जिससे सुगनी देवी के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई।
बीच-बचाव करने आए बेटे का फोड़ा सिर: मां के चिल्लाने की आवाज़ सुनकर उनका बेटा मनोहर सिंह तुरंत मौके की ओर दौड़ा। आरोप है कि रास्ते में ही आरोपियों ने उन पर भारी पत्थर से वार किया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा। जाते-जाते हमलावर महिलाओं ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
- Advertisement -
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात: रिपोर्ट में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें इस पूरी वारदात के फुटेज मौजूद होने की संभावना है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

