बीकानेर। जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 765 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया। कार्रवाई नोखा स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित एक घी निर्माण इकाई पर की गई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।
बाजार भाव से कम कीमत पर बिक्री
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि फैक्ट्री से 765 किलो घी मिलावट के संदेह पर जब्त किया गया है। घी का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत जांच के लिए भेजा गया है।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित फर्म गुजरात से क्रीम मंगवाकर उसे गर्म कर घी के रूप में बेच रही थी। यह उत्पाद 410 से 420 रुपये प्रति लीटर के भाव से बेचा जा रहा था, जबकि बाजार में घी का न्यूनतम मूल्य लगभग 525 रुपये प्रति लीटर है। कीमत में इस बड़े अंतर ने मिलावट की आशंका को मजबूत किया।
- Advertisement -
अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए सैंपल
अभियान के दौरान फड़ बाजार स्थित मैसर्स युवराज फूड प्रोडक्ट से नमकीन और केसर बाटी के नमूने भी लिए गए। इसके अलावा खारा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक अन्य फूड यूनिट से रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल का सैंपल जांच के लिए संग्रहित किया गया।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और अमित शर्मा की अहम भूमिका रही। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

