बीकानेर। बीकानेर में आयोजित पुष्करणा ब्राह्मण समाज के सामूहिक विवाह समारोह के दौरान की गई घोषणा अब साकार होने जा रही है। विधायक जेठानंद व्यास ने 10 फरवरी को हुए पुष्करणा ओलंपिक सावे में वादा किया था कि वे अपने माता-पिता के नाम से गठित शिवकुमार मोहन प्यारी जन कल्याण ट्रस्ट के माध्यम से विवाह करने वाली सभी पंजीकृत कन्याओं को 11-11 हजार रुपए शगुन राशि प्रदान करेंगे।
यह राशि 22 फरवरी को दोपहर 1:15 बजे पुष्करणा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वितरित की जाएगी।
114 कन्याओं को मिलेगा लाभ
ट्रस्ट अध्यक्ष कमल किशोर व्यास ने बताया कि कुल 114 कन्याओं ने पूर्व में पंजीकरण कराया था, जिन सभी को शगुन राशि प्रदान की जाएगी। प्रत्येक कन्या को 11 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल करीब 12 लाख 54 हजार रुपए की राशि का वितरण होगा।
10 फरवरी को आयोजित सामूहिक विवाह में पुष्करणा ब्राह्मण समाज की 94 कन्याओं सहित अन्य ब्राह्मण वर्ग, माली, सोनी, स्वामी, रावत, रैगर, सुथार, वाल्मीकि, राजपूत और कुम्हार समाज की कन्याओं ने विवाह बंधन में प्रवेश किया था। सभी ने निर्धारित समय तक विधायक सेवा केंद्र में पंजीयन कराया था।
- Advertisement -
सामाजिक नवाचार की पहल
पुष्करणा ओलंपिक सावे के दौरान विधायक जेठानंद व्यास ने कन्याओं के सम्मान में ‘कन्यावळ’ जैसे नवाचार भी किए। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में सफाई, लाइटिंग और सजावट को लेकर भी विशेष सक्रियता दिखाई गई।
विधायक की इस पहल को समाज में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

