बीकानेर। बीकानेर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जेएनवीसी पुलिस थाना की टीम ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर की।
थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने विकास उर्फ भैरू, नदीम, निखिल तेजी, अजीज उर्फ रोकी, राकेश शर्मा, वीरेन्द्र और भगवानाराम को गिरफ्तार किया है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले बाइक पर शहर की कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रैकी करते थे। मौका मिलते ही लोहे की सरियों से ताले तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर फरार हो जाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बीकानेर सहित नागौर जिले में 15 से 20 चोरी की वारदातें कबूल की हैं।
इन मामलों में थे शामिल
25 जनवरी को सुनील लोट ने घर के ताले टूटने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
8 फरवरी को निशा सिंह के घर से नकदी और जेवरात चोरी हुए।
13 फरवरी को कृष्णकांत के मकान से करीब 25 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी हुआ।
19 फरवरी को सोहन सिंह के घर से सोने-चांदी के आभूषण पार कर लिए गए।
- Advertisement -
इन सभी मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी।
टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी सहित ईश्वर सिंह, झंवरलाल, इमीचंद, रामावतार, हरफूल, राजाराम, सुनील, गणेश, सीमांत और प्रभुराम शामिल रहे। कांस्टेबल सीमांत की आरोपियों की पहचान में विशेष भूमिका बताई जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

