बीकानेर। बीकानेर शहर आज से आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन का साक्षी बनेगा। भक्ति कार्यक्रमों की शुरुआत आज दोपहर 1 बजे नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा से होगी। यह यात्रा स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के सान्निध्य में प्रारंभ होगी।
साध्वी ऋतंभरा भी तेलीवाड़ा से कलश यात्रा में शामिल होंगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
इन मार्गों से गुजरेगी यात्रा
कलश यात्रा लक्ष्मीनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर घाटी वाले भैरूं, चूड़ी बाजार, सुराणों का मोहल्ला, आचार्यों का चौक, मरूनायक चौक, मोहता चौक, तेलीवाड़ा, दाऊजी रोड, रामपुरिया कॉलेज, जोशीवाड़ा, कोटगेट होते हुए धुनीनाथ मठ पंच मंदिर पहुंचेगी।
आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन
सनातन धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में 22 से 28 फरवरी तक पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में श्रीमद्भागवत कथा और 51 कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। समिति के संस्थापक सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित और कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल सोनी (झूमर सा) ने बताया कि आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
- Advertisement -
पार्किंग और व्यवस्थाएं
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए आईटीआई कॉलेज और डूंगर कॉलेज परिसर निर्धारित किए गए हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शुक्रवार को भामाशाह और उद्योगपति नरसी कुलरिया, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। समिति पदाधिकारियों ने उन्हें व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
आज निकलने वाली इस कलश यात्रा को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।

