बीकानेर: महिला दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती बीकानेर इकाई की ओर से 7 और 8 मार्च को दो दिवसीय खेल महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को खेलों से जोड़ना, पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना है।
होटल राजमहल में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राजेश गोयल, महिला इकाई अध्यक्ष राखी चौरडिया, प्रांतीय अध्यक्ष बालकिशन परिहार, खेल प्रभारी आशु मलिक और अन्य सदस्यों ने आयोजन की जानकारी दी।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में खो-खो, सतोलिया, रस्साकसी, क्रिकेट जैसे आउटडोर खेल और पहला दूज, म्यूजिकल चेयर, आंख मिचोली, पोशाम भई जैसे पारंपरिक इंडोर खेल शामिल होंगे। प्रतियोगिताएं राधे कृष्णा पैलेस, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित होंगी।
महिला इकाई अध्यक्ष राखी चौरडिया ने बताया कि दोनों दिनों में चार-चार इंडोर और आउटडोर खेल आयोजित किए जाएंगे। बीकानेर की रोटरी इंटरनेशनल, भारत विकास परिषद और जीतो जैसी महिला स्वयंसेवी संस्थाओं को आमंत्रित किया गया है।
- Advertisement -
आउटडोर खेलों में आठ-आठ सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं, जबकि इंडोर खेलों में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रत्येक खेल का शुल्क 100 रुपये है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान विजेताओं को नकद पुरस्कार, सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए है, जबकि छोटे बच्चे भी खेलों का आनंद ले सकेंगे। लघु उद्योग भारती बीकानेर इकाई वर्तमान में 166 सदस्य के साथ उद्योग, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है।

