बीकानेर: लूणकरणसर उपखंड के खिलेरिया गांव में प्लॉट में घुसकर तोड़फोड़, आगजनी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
परिवादी मुकेश पुत्र श्रवणराम जाट, निवासी खिलेरिया, ने आरोप लगाया कि उसके प्लॉट में लकड़ियां और पशुओं का चारा रखा हुआ था। 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे मघाराम, भिंवराज और मांगीलाल नामक व्यक्ति प्लॉट में घुस आए और चारे व गायों के छप्पर में आग लगा दी।
शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पाबंद कर छोड़ दिया। आरोप है कि 13 दिसंबर को आरोपियों ने फिर से प्लॉट में प्रवेश कर तारबंदी और खंभों को नुकसान पहुंचाया।
14 दिसंबर की सुबह जब परिवादी पशुओं को चारा देने पहुंचा, तब आरोपियों ने दोबारा हमला कर शेष चारा जला दिया और विरोध करने पर मारपीट की। आरोप है कि कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। घटनास्थल पर आरोपियों का एक मोबाइल फोन गिर गया, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया।
- Advertisement -
परिवादी के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को लूणकरणसर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी गई, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया। कार्रवाई नहीं होने पर परिवादी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

