बीकानेर। संभाग कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें 28 फरवरी को प्रधानमंत्री के अजमेर दौरे को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में जनसभा को ऐतिहासिक बनाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
25 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि अजमेर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित होने वाली विशाल जनसभा और लगभग 25 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को भव्य रूप देने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश के विकास की दिशा तय करने वाला साबित होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश आज विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अजमेर की जनसभा को उन्होंने राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संगठन की एकजुटता पर जोर
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री का अजमेर आगमन प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
- Advertisement -
देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोगों को जनसभा में लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव-गांव से कार्यकर्ता और आमजन की सहभागिता से कार्यक्रम ऐतिहासिक बनेगा।
अनेक पदाधिकारी रहे उपस्थित
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि बैठक में जिला व देहात इकाई के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की तैयारियों, जिम्मेदारियों के बंटवारे और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पार्टी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह कार्यक्रम राजस्थान के विकास को नई गति देने वाला साबित होगा और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इसकी तैयारी में जुटेंगे।

