बीकानेर। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र की विनोबा बस्ती में भाजपा नेता के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपए के गहने और नकदी ले उड़े। घटना के समय परिवार शादी समारोह में व्यस्त था।
शादी में गया था पूरा परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा नेता महेश गुप्ता अपने पूरे परिवार के साथ बेटे की शादी के कार्यक्रम में रजवाड़ा पैलेस में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
सुबह करीब 8:30 बजे पड़ोसी ने घर के मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखा और तुरंत सूचना दी। सूचना मिलते ही महेश गुप्ता घर पहुंचे, जहां अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
20 तोला सोना और डेढ़ लाख नकद पार
बताया जा रहा है कि चोर घर की अलमारी से करीब 20 तोला सोने के आभूषण और लगभग डेढ़ लाख रुपए नकद ले गए। घटना के बाद तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई।
- Advertisement -
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।

