बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाजूवाला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों और हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तावणियां कॉलोनी में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि तावणियां कॉलोनी में एक युवक के पास नशीले पदार्थ और अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
दो किलो से अधिक गांजा और स्मैक बरामद
दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी रमेश नामक युवक को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा, करीब 7 ग्राम चिट्टा (स्मैक) और एक देशी पिस्टल बरामद की गई। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि नशीले पदार्थ और अवैध हथियार वह कहां से लेकर आया था तथा इनकी सप्लाई किसे की जानी थी। आशंका जताई जा रही है कि मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
- Advertisement -
खाजूवाला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

