बीकानेर के गंगाशहर मूल निवासी नवरत्न सुराणा और उनकी पत्नी रेखा सुराणा के साथ लुधियाना के सुंदर नगर क्षेत्र में लूट की वारदात हुई। दंपती हनुमान मंदिर से लौट रहे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया।
बदमाशों ने रिवॉल्वर और धारदार हथियार दिखाकर दंपती से गहने लूट लिए। रेखा सुराणा के गले से सोने की चेन और दोनों हाथों की चार अंगूठियां, जबकि नवरत्न सुराणा के गले से सोने की चेन और हीरे की अंगूठी छीन ली गई। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती पर नुकीले कांटे से वार किया, जिससे हाथ और गले पर चोटें आईं।
घायलों को सड़क पर ही छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूटे गए जेवरों की कीमत 18–20 लाख रुपए बताई जा रही है। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से दंपती की दिनचर्या की रेकी की थी।
नवरत्न सुराणा गंगाशहर के इंद्रा चौक निवासी हैं और भाजपा नेता मोहन सुराणा के चचेरे भाई हैं।

