बीकानेर। शहर के गंगाशहर क्षेत्र में युवक को बाइक पर साथ ले जाकर मारपीट करने और हजारों रुपए व मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मदीना मस्जिद के पास रहने वाले तालिफ ने शिकायत दर्ज कराई है कि 16 फरवरी को धरम नामक युवक उसे अपने साथ बाइक पर बिठाकर ले गया। परिवादी के अनुसार आरोपी उसे एक सुनसान स्थान की ओर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके पास से करीब 8 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की तलाश की जा रही है।
- Advertisement -
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

