टोंक जिले में 39 दिन से लापता दो दोस्तों के शव तालाब में डूबी कार से बरामद किए गए। घटना दूनी थाना क्षेत्र के आवां कस्बे स्थित बूंदी रोड पर रामसागर तालाब की है, जहां सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पानी में कार की छत दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और पहले ट्रैक्टर से कार निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे कार को बाहर निकाला गया। कार के अंदर दो शव मिले, जो बुरी तरह गल चुके थे। पुलिस ने बताया कि दोनों शव कार की पिछली सीट पर पाए गए।
कार नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के रेण निवासी रमेश (43) पुत्र जगन्नाथ गुर्जर और महावीर (40) पुत्र सेवा गुर्जर के रूप में हुई। दोनों 8 जनवरी से कार सहित लापता थे।
प्रारंभिक आशंका है कि रास्ता भटकने के कारण कार तालाब में जा गिरी और बाहर नहीं निकल पाने से दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

