राजस्थान में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दोपहर बाद कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के जिलों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। मंगलवार सुबह से जयपुर सहित कई इलाकों में तेज हवा चल रही है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर 18 फरवरी को देखने को मिलेगा। 17 और 18 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहेगा।
पिछले 24 घंटों में प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। सिरोही, हनुमानगढ़ और बारां को छोड़कर अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
- Advertisement -
मौसम विभाग के मुताबिक, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को करीब 25 जिलों में बदले मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

