बीकानेर में एक सोलर कारोबारी ने हिस्ट्रीशीटर पर जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला मुक्ताप्रसाद थाने में दर्ज कराया गया है।
शिकायतकर्ता सुभाष बिश्नोई, जो मूल रूप से फलोदी के खारा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में सर्वोदय बस्ती में रह रहे हैं, ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह सोलर प्लांट का कार्य करते हैं। उनका आरोप है कि करीब छह महीने पहले बज्जू थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप गोदारा ने उन पर अपनी मशीनें और एजेक्स लगवाने का दबाव बनाया।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है जिसकी जांच चल रही है, और मशीनों का भुगतान उसके खाते में करने के लिए कहा ताकि रकम “एक नंबर” की हो सके। आरोप है कि दबाव बनाकर दो करोड़ रुपये लिए गए और बाद में 10 प्रतिशत मुनाफे के साथ साझेदारी की मांग की जाने लगी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब दूसरी साइट पर नकद लेनदेन से इंकार किया गया, तो आरोपी ने अपने साथियों को तिरुपति अपार्टमेंट स्थित ऑफिस भेजा। वहां कथित तौर पर स्टाफ को डराया-धमकाया गया और शहर छोड़ने की चेतावनी दी गई। फोन पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
- Advertisement -
पीड़ित ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

