राजस्थान के बीकानेर में निजी बस संचालकों ने परिवहन विभाग की कार्रवाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। बीछवाल रोड स्थित एक भवन में आयोजित बीकानेर बस एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 23 फरवरी 2026 से जिले की सभी निजी बसें अनिश्चितकाल के लिए बंद रखी जाएंगी। यह निर्णय राजस्थान बस एसोसिएशन के आह्वान पर लिया गया है।
बैठक में अध्यक्ष समुन्दर सिंह राठौड़ सहित कई बस ऑपरेटर मौजूद रहे। संचालकों का कहना है कि नियम एस-052, 153 और 119 (वर्ष 2019 व 2025 में लागू) के तहत 20 साल पुराने वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनका आरोप है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद भारी जुर्माना, आरसी निलंबन और बसों को जब्त करने जैसी कार्रवाइयों से ऑपरेटर परेशान हैं।
एसोसिएशन ने तय किया है कि 16 फरवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही अन्य जिलों के बस संचालकों से संपर्क कर आंदोलन को प्रदेश स्तर पर समर्थन दिलाने की रणनीति बनाई जा रही है।
संचालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 23 फरवरी से निजी बसों के पहिए थम जाएंगे, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

