राजस्थान के भिवाड़ी स्थित केमिकल और पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ।
घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई श्रमिक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। अब तक 8 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।
रीको फायर स्टेशन खुशखेड़ा और भिवाड़ी से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में केमिकल के साथ पटाखों का निर्माण भी किया जाता था। आग के कारण शव बुरी तरह झुलस गए, कई शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। रेस्क्यू टीम ने जले हुए अवशेषों को एकत्र कर सुरक्षित रखा।
- Advertisement -
मौके पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

