राजस्थान के बीकानेर जिले के पेमासर गांव में युवक को बंधक बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। घटना करीब दो वर्ष पुरानी बताई जा रही है, लेकिन अब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में दर्ज जीरो नंबर एफआईआर के अनुसार, किसमीदेसर निवासी युवक को 5 अक्टूबर 2024 को एक युवती के फोन के बाद पेमासर बुलाया गया। वहां एक मकान में उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोप है कि दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे एक लाख रुपये की मांग की गई। बदमाशों ने उसके पिता को भी फोन कर डराया। बाद में 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।
पीड़ित ने बताया कि बदनामी के डर से वह अब तक सामने नहीं आया था, लेकिन हाल में सामने आए अन्य मामलों के बाद उसने हिम्मत जुटाई। उल्लेखनीय है कि हाल ही में जयपुर रोड स्थित वृंदावन एन्क्लेव के पास सीए हेतराम पूनिया से लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए थे।
इन घटनाओं के बाद अब अन्य पीड़ित भी शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

