राजस्थान के बीकानेर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना नोखा क्षेत्र के चरकड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे-62 पर सुबह करीब 8 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार नागौर से नोखा की ओर आ रही एक इनोवा कार अचानक बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे 58 वर्षीय नारायण सिंह राजपूत को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद कार पलट गई, जिसमें सवार ड्राइवर राजूराम (29) और लालचंद गोदारा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान ड्राइवर राजूराम ने भी दम तोड़ दिया। लालचंद का इलाज जारी है।
पुलिस जांच में कार से करीब 60 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

