राजस्थान के बीकानेर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना जामसर थाना क्षेत्र में बीकानेर–अनूपगढ़ मार्ग पर नूरसर फांटा के पास हुई।
पुलिस के अनुसार रावला निवासी पीयूष पुत्र गोपालकृष्ण अपनी मां सुमन के साथ कार से बीकानेर से रावला लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं।
दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पीयूष को मृत घोषित कर दिया। सुमन का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

