बीकानेर स्थित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की 60वीं बैठक संभागीय आयुक्त एवं अध्यक्ष विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पीबीएम अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने, आधुनिक उपकरणों की खरीद और विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
आरएमआरएस सचिव एवं पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने पिछली बैठक के कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की, जबकि उपाध्यक्ष एवं प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में स्पेक्ट्रा ऑप्टिया एफेरेसिस मशीन, ब्लड कंपोनेंट एनालाइजर, माइक्रोपॉइंट एनालाइजर, फुली ऑटोमेटेड कोएगुलेशन एनालाइजर और पोर्टेबल एक्स-रे मशीन सहित कई आधुनिक उपकरणों की खरीद को वित्तीय स्वीकृति दी गई। साथ ही क्यू मैनेजमेंट सिस्टम, नेटवर्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर, स्कैनर, टोकन मशीन और लेजर प्रिंटर के अपग्रेडेशन पर भी निर्णय हुआ।
न्यूरोसर्जिकल ओटी टेबल, क्रेनियोटॉमी सेट, हाई पावर सक्शन मशीन और बायडोम लाइट जैसी विशेष सामग्री की खरीद को मंजूरी दी गई। कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए पीईटी स्कैन जांच को अस्पताल में ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
बैठक में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभाग को बेस्ट परफॉर्मेंस अवार्ड देने की घोषणा की गई। क्लेम रिजेक्शन कम करने और आवश्यकतानुसार आउटसोर्सिंग सेवाएं लेने पर भी विचार हुआ।
इसके अतिरिक्त, पीबीएम परिसर में स्वीकृत बजट के कार्य प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए गए तथा टेंडर प्रक्रिया में कानूनी अड़चनों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। बैठक में अस्पताल प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

