राजस्थान के बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत राज विभाग के एक कनिष्ठ सहायक के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, आलीशान मकान और कृषि भूमि का खुलासा हुआ है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार आरोपी शुभकरण परिहार (छींपा), जो वर्तमान में ग्राम पंचायत उदट, पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में कनिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत है, के खिलाफ आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। गोपनीय शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर शुक्रवार अलसुबह पांच स्थानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया।
एसीबी टीमों ने बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी, मातेश्वरी एन्कलेव (वैष्णोधाम के सामने), गंगाशहर के बागीनाडा क्षेत्र, आरोपी के पैतृक गांव पुनरासर तथा पदस्थापन स्थल कानासर में कार्रवाई की। मातेश्वरी एन्कलेव स्थित मकान से करीब 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा दो ठिकानों से एक किलो से अधिक सोना और लगभग दो किलो चांदी जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बीकानेर शहर में तीन आलीशान मकान और गांव पुनरासर में एक भव्य मकान है। साथ ही उसके नाम करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि भी पाई गई है।
- Advertisement -
एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई जारी है और बरामद दस्तावेजों व संपत्तियों का मूल्यांकन कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

