बीकानेर में विश्व शांति की कामना को लेकर 22 से 28 फरवरी तक पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में श्रीमद्भागवत कथा एवं 51 कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सनातन धर्म रक्षा समिति के बैनर तले आयोजित होगा, जिसमें 1 लाख 65 हजार मंत्रों से आहुतियां दी जाएंगी।
महायज्ञ के लिए 70×70 फीट की विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है। डीडवाना से आए कारीगर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञशाला तैयार कर रहे हैं। यज्ञाचार्य सिद्धार्थ पुरोहित (बाला महाराज) के अनुसार देश-विदेश में बढ़ती अस्थिरता को देखते हुए विश्व शांति के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल सोनी (झूमर सा) ने बताया कि 21 फरवरी को निकलने वाली कलश यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। समिति की महिला शाखा की पदाधिकारी उषा गहलोत, शशि गुप्ता, पिंकी शर्मा, गंगादेवी, कौशल्या सुथार, भगवती देवी, किरण शर्मा, राधा खत्री और सीतादेवी रामावत तैयारियों में जुटी हुई हैं।
कलश यात्रा 21 फरवरी को दोपहर एक बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर से रवाना होगी। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई धुनीनाथ पंच मंदिर पहुंचेगी। आयोजन के दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। साथ ही महाराष्ट्र की महिला एवं युवतियों की टीम नगाड़ा और ढोल वादन करेगी, जबकि उज्जैन की डमरू टीम भी विशेष प्रस्तुति देगी।
- Advertisement -
आयोजकों के अनुसार यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

