बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में सोलर प्लांट लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जैसलसर निवासी नगाराम जाट ने एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसने खुद को सोलर कंपनी का कर्मचारी बताकर उनसे 1 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए।
ऐसे दिया झांसा
शिकायत के अनुसार 3 सितंबर 2025 को मालदास नामक व्यक्ति, विष्णु कुमार शर्मा के साथ नगाराम के घर पहुंचा। विष्णु कुमार ने स्वयं को ‘श्री बालाजी सीएससी एंड रोवेडा’ कंपनी का कर्मचारी बताते हुए सोलर ऊर्जा कनेक्शन लगाने का प्रस्ताव दिया।
उसने सरकारी सब्सिडी का लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया और जल्द प्लांट स्थापित करने का आश्वासन दिया। भरोसा जीतने के बाद उसने फोन-पे के माध्यम से भुगतान करने के लिए स्कैनर भेजा।
किस्तों में ली रकम
नगाराम ने 7 सितंबर 2025 को आरोपी के फोन-पे खाते में पहले 50 हजार रुपये, फिर 25 हजार और उसके बाद 25 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 1 लाख रुपये भेज दिए गए।
- Advertisement -
जब अगले दिन भी कोई काम शुरू नहीं हुआ तो संपर्क करने पर आरोपी ने अतिरिक्त 30 हजार रुपये और भेजने को कहा। 2 अक्टूबर 2025 को नगाराम ने यह राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।
बाद में किया कबूल
रिपोर्ट के मुताबिक, पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बार-बार संपर्क करने पर कथित रूप से उसने स्वीकार किया कि उसका उद्देश्य केवल पैसे ठगना था और प्लांट लगाने का कोई इरादा नहीं था।
पुलिस ने शुरू की जांच
नोखा पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
बढ़ रहे साइबर और वित्तीय फ्रॉड
ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर सब्सिडी और सरकारी योजनाओं के नाम पर धोखाधड़ी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भुगतान से पहले कंपनी और व्यक्ति की पूरी जांच कर लें तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही लेन-देन करें।

