बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने प्रदेश को उन्नति की दिशा में आगे बढ़ाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में बीकानेर शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान और दीर्घकालीन विकास के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
जलापूर्ति सुधार के लिए 750 करोड़ का प्रावधान
विधायक व्यास ने बीकानेर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में जलापूर्ति अंतराल को कम करने के लिए 750 करोड़ रुपये के प्रावधान का स्वागत किया। इस राशि से नए जल स्रोतों का निर्माण, स्वच्छ जलाशयों की स्थापना और पाइपलाइन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था अधिक नियमित और प्रभावी बनेगी।
लक्ष्मीनाथ मंदिर पुलिया का पुनर्निर्माण
लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास की पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए बजट में 2.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक ने इसे क्षेत्रवासियों की मांग की स्वीकृति बताते हुए कहा कि इससे यातायात सुगम होगा और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
न्यायिक और विद्युत ढांचे में मजबूती
बीकानेर में एनडीपीएस विशेष न्यायालय की स्थापना की घोषणा को उन्होंने न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही 132 केवी जीएसएस के निर्माण से शहर की बिजली आपूर्ति प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
- Advertisement -
मुक्ता प्रसाद नगर के सेक्टर 1 से 17 तक नालियों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति को भी उन्होंने स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत बताया।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
विधायक ने पीबीएम अस्पताल के हल्दीराम मूलचंद कार्डियोवैस्कुलर सेंटर की अवसंरचना सुदृढ़ीकरण योजना को सराहा। एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय में नए शिशु वार्ड और आईसीयू की स्थापना से गंभीर मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा जिला चिकित्सालयों में साइट्रिक चिकित्सकों के साथ साइट्रिकोलॉजिकल काउंसलर की नियुक्ति, अतिरिक्त दवा वितरण केंद्र और ओपीडी कक्षों में ई-परामर्श पर्ची के लिए डॉक्टर डिजिटल डेस्क की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से अस्पतालों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित होगी।
चिकित्सा शिक्षा से जुड़े महाविद्यालयों में भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर उन्हें अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा।
थार सर्किट से पर्यटन को बढ़ावा
पश्चिमी राजस्थान की मरूस्थलीय संस्कृति, लोककला और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से बीकानेर सहित अन्य जिलों को जोड़कर ‘थार सर्किट’ विकसित करने की घोषणा को विधायक ने ऐतिहासिक कदम बताया। उनका मानना है कि इससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।
शिक्षा क्षेत्र में नई पहल
बीकानेर में एक नवीन मॉडल संदर्भ केंद्र स्थापित किया जाएगा। साथ ही स्कूल टू वर्क व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत एक विद्यालय को उन्नत व्यावसायिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ है। इससे विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा का लाभ मिलेगा।

