बीकानेर जिले के लिए राजस्थान बजट 2026 में कई बड़े ऐलान किए गए हैं, जो विकास और रोजगार के नए अवसर लाएंगे। सबसे बड़ी घोषणा देशनोक में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए 750 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की है। लंबे समय से इस योजना पर काम चल रहा था, अब बजट मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी जिले को बड़ी सौगात मिली है। बीकानेर और जैसलमेर में करीब 2950 करोड़ रुपए की लागत से नए सोलर पार्क बनाए जाने की घोषणा की गई है। ये पार्क बीकानेर-जैसलमेर कॉरिडोर में विकसित होंगे, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए पीबीएम अस्पताल (सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध) में अत्याधुनिक विश्राम गृह बनाने की योजना है। वहीं शहर में यातायात सुधार के लिए सभी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे जाम की समस्या कम होगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पश्चिमी राजस्थान में थार सांस्कृतिक सर्किट विकसित किया जाएगा, जिसमें बीकानेर भी शामिल होगा। इससे जिले की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।

