बीकानेर जिले के अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर खाजूवाला थाना पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपए की हेरोइन बरामद की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 2 किलो अवैध हेरोइन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
यह खेप खाजूवाला क्षेत्र के 1बीएम-14 बीडी के रेगिस्तानी इलाके में मिली। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हेरोइन पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में गिराई गई थी।
सूचना मिलने पर बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जिसमें यह सफलता मिली। कार्यवाहक थानाधिकारी हरपाल सिंह और उनकी टीम मौके पर मौजूद रहे और आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में पहले भी ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ गिराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हेरोइन को कब्जे में लेकर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई हैं।

