कोटगेट थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक की गोगागेट शाखा के साथ गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर महिला सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 28 जून 2022 को बैंक की गोल्ड लोन योजना के तहत गीता देवी पत्नी नरेन्द्र कुमार सोनी, निवासी टकसार की गली, बीकानेर को 4 लाख 98 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया था। उस समय अधिकृत स्वर्ण मूल्यांकक ओमप्रकाश सोनी, निवासी गंगाशहर ने गिरवी रखे गए आभूषणों का मूल्यांकन कर प्रमाण पत्र जारी किया था।
बैंक की ओर से हाल ही में कराई गई दूसरी वैल्यूएशन रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि गिरवी रखे गए सोने का वास्तविक शुद्ध वजन केवल 29 ग्राम था, जबकि पहले मूल्यांकन में इसे 156 ग्राम दर्शाया गया था।
बैंक का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से कूटरचित मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार कर बैंक से अधिक राशि का ऋण प्राप्त किया, जिससे बैंक को आर्थिक नुकसान हुआ।
- Advertisement -
इस मामले में बैंक ने पहले थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का सहारा लिया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

