अब शहर और ग्रामीण अनाज मंडियों में किसानों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बीकानेर की फल-सब्जी मंडी सहित नोखा, खाजूवाला, लूणकरणसर और बज्जू की अनाज मंडियों में जल्द ही किसान सुविधा केंद्र शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही मंडियों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर रसोई, प्याऊ और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
लंबे समय से किसान मंडियों में सुविधाओं की कमी को लेकर शिकायत करते आ रहे थे। अनाज मंडियों में भोजन, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी जरूरतों के अभाव में उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जिला परिषद ने प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजे थे, जिन्हें अब स्वीकृति मिल गई है।
सरकार ने इन कार्यों के लिए कुल 1.25 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। फल-सब्जी मंडी और चारों अनाज मंडियों पर 25-25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। किसान सुविधा केंद्रों में किसानों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ न्यूनतम दरों पर भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बजट जारी होने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और एक महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत समिति और शहर में नगर निगम के माध्यम से निर्माण कराया जाएगा। इससे मंडियों में आने वाले किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
- Advertisement -

