बीकानेर में बैंक लोन फ्रॉड का बड़ा मामला
बीकानेर में बैंकिंग धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दाल मिल स्थापित करने के नाम पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न शाखाओं से करोड़ों रुपये का लोन लेकर बैंक को भारी नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में SBI की रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र शाखा की ओर से कोटगेट थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
दाल मिल के लिए लिया गया था टर्म लोन और कैश क्रेडिट
जानकारी के अनुसार, खारा औद्योगिक क्षेत्र में दाल मिल लगाने के उद्देश्य से एक फर्म ने वर्ष 2023 में एसबीआई से दो करोड़ रुपये का टर्म लोन लिया था। इसके अलावा फर्म को एक करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट भी स्वीकृत की गई थी।
लोन जारी करते समय मशीनरी खरीद दिखाकर विभिन्न सप्लायर्स के माध्यम से राशि फर्म के खाते में ट्रांसफर करवाई गई।
बैंक की अनुमति बिना मशीनरी बढ़ाने का आरोप
जांच में सामने आया है कि बैंक की पूर्व स्वीकृति के बिना ही प्रस्तावित मशीनरी की संख्या में बदलाव किया गया। आरोप है कि कागजों में दर्शाई गई मशीनरी मौके पर मौजूद नहीं मिली। जिन सप्लायर्स से खरीद दर्शाई गई थी, उनके कोटेशन, बिल और रसीदें भी संदेह के घेरे में हैं।
- Advertisement -
करीब तीन करोड़ का बैंक को नुकसान
इस कथित धोखाधड़ी से ऋणी फर्म और उसके गारंटरों को करीब 2 करोड़ 92 लाख 67 हजार 900 रुपये का अनुचित लाभ हुआ। वहीं, लोन की वसूली नहीं होने और दृष्टिबंधक रखी गई संपत्ति के खुर्दबुर्द हो जाने से बैंक को उतने ही रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
मौके पर नहीं मिली मशीनरी, जांच तेज
बैंक की ओर से जब मौके का निरीक्षण किया गया तो प्रस्तावित प्लांट और मशीनरी वहां मौजूद नहीं पाई गई। इसके बाद शाखा प्रबंधक आशीष गुप्ता ने कोटगेट थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और संबंधित फर्म, गारंटरों व सप्लायर्स की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

