बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में पांचू थाना पुलिस ने भारतमाला सड़क मार्ग पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम जब्त की है।
सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी
पांचू थाना अधिकारी राजीव रॉयल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारतमाला सड़क मार्ग पर एक युवक मादक पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू में लिया।
लगभग दो किलो अफीम बरामद
तलाशी के दौरान युवक के पास से 1 किलो 928 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। जब्त की गई अफीम की बाजार कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान ओसियां थाना क्षेत्र निवासी प्रेमप्रकाश के रूप में हुई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई एएसआई गंगाराम बिश्नोई के विशेष सहयोग से की गई। टीम में एएसआई संतोष, कांस्टेबल लीलाराम, दिलीप और हेतराम शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित करने के लिए पूछताछ और तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों पर कार्रवाई की जा सके।

