बीकानेर।
सनातन धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में बीकानेर में आगामी दिनों में एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। 22 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा और जंगलेश्वर 51 कुंडीय विश्वशांति महायज्ञ की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ 5 फरवरी को भूमि पूजन के साथ किया जाएगा। यह भूमि पूजन कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में सुबह 11:30 बजे संपन्न होगा।
आयोजकों के अनुसार, भूमि पूजन के बाद यज्ञशाला निर्माण का कार्य तुरंत प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस महायज्ञ और कथा आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को सशक्त करना है।
इस आयोजन में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन साध्वी ऋतंभरा द्वारा किया जाएगा, जो राम मंदिर आंदोलन के दौरान जनजागरण के लिए जानी जाती रही हैं। कथा के विशेष प्रसंग के तहत 26 फरवरी को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी बीकानेर पहुंचेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत 21 फरवरी को भव्य कलश यात्रा से होगी। कलश यात्रा में महाराष्ट्र से आने वाली महिला ढोल पार्टी और उज्जैन की महाकाल नगरी से आने वाली डमरू पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को और भव्य बनाने के लिए कलश यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
- Advertisement -
सनातन धर्म रक्षा समिति के कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल सोनी (झूमर सा) ने बताया कि इस आयोजन को लेकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

