बीकानेर।
कोटगेट थाना क्षेत्र में स्थित रानी बाजार ओवरब्रिज पर सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने अचानक पुल से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरब्रिज पर मौजूद लोगों ने व्यक्ति को नीचे गिरते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में घायल की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा अस्पताल में घायल से पूछताछ करने के प्रयास किए जा रहे हैं और पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी गई है।
कोटगेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल व्यक्ति द्वारा छलांग लगाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

