बीकानेर। गंगाशहर पुलिस थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ ठगी की घटना सामने आई है। पीड़िता मनोहरी देवी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसे नकली नोटों का बंडल देकर लाखों रुपये के गहने ठग लिए।
पीड़िता के अनुसार, वह गंगाशहर बाजार में थी, तभी एक युवक ने श्रीडूंगरगढ़ का रास्ता पूछने का बहाना किया। उसके हाथ में नोटों का बंडल दिख रहा था। इस दौरान युवक के साथ एक पति-पत्नी भी थे। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि उसके पास पैसे सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें बैंक में जमा करवा देना बेहतर होगा।
पीड़िता ने आरोपियों के कहने पर अपनी चार सोने की चूड़ियां, एक अंगूठी और एक चैन उनके हवाले कर दी। बाद में जब महिला ने नोटों की जांच की तो पता चला कि दिए गए नोट नकली थे। आरोपियों ने शातिराना तरीके से गहने लेकर मौके से फरार हो गए।
गंगाशहर पुलिस ने प्रार्थना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में लगी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
- Advertisement -

