बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। अंबेड़कर कॉलोनी में बुधवार शाम एक 13 वर्षीय बालिका अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
जेएनवीसी थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि बालिका अंबेड़कर कॉलोनी की निवासी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके माता-पिता उस समय बिहार के सिवान जिले गए हुए थे और वह अपने भाई-बहनों के साथ घर पर रह रही थी। शाम के समय परिजनों द्वारा घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना पर व्यास कॉलोनी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
- Advertisement -

