अयोध्या राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत और पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का सोमवार सुबह निधन हो गया। 77 वर्षीय वेदांती ने मध्यप्रदेश के रीवा में अंतिम सांस ली। वे वहां एक धार्मिक कथा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे, इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
90 के दशक के आंदोलन में निभाई निर्णायक भूमिका
डॉ. रामविलास दास वेदांती राम जन्मभूमि आंदोलन के उन प्रमुख चेहरों में शामिल रहे, जिन्होंने 1990 के दशक में आंदोलन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह सीएम योगी आदित्यनाथ के गुरु महंत अवैद्यनाथ और स्वामी परमहंस के साथ आंदोलन की अग्रिम पंक्ति में रहे। अयोध्या स्थित वशिष्ठ आश्रम से जुड़े वेदांती संत समाज और हिंदू संगठनों में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व माने जाते थे।
दो बार सांसद रह चुके थे
राजनीतिक जीवन में भी डॉ. वेदांती की सक्रिय भूमिका रही। वे 1996 और 1998 में लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए। संसद में रहते हुए उन्होंने राम मंदिर, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और सनातन मूल्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संत और राजनेता—दोनों भूमिकाओं में उनका जीवन सामाजिक और धार्मिक कार्यों को समर्पित रहा।
- Advertisement -
अयोध्या लाया जाएगा पार्थिव शरीर
डॉ. वेदांती का पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम तक अयोध्या पहुंचने की संभावना है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार अयोध्या में ही किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और उनके अनुयायी शामिल हो सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम यात्रा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ और वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत का निधन सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने उनके जीवन को धर्म, समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित बताते हुए इसे प्रेरणास्रोत बताया।
डॉ. रामविलास दास वेदांती का जाना न केवल अयोध्या बल्कि पूरे देश के लिए एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। राम मंदिर आंदोलन में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


