तीर्थ यात्रा के दौरान दर्दनाक घटना: शांति देवी सोलंकी का सफर अधूरा रह गया
बीकानेर: राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत रवाना हुई तीर्थ यात्रियों की ट्रेन से एक दुखद खबर सामने आई है। बीकानेर से 27 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी के लिए निकली इस ट्रेन में यात्रा कर रहीं शांति देवी सोलंकी (69 वर्ष), पत्नी नंदकिशोर सोलंकी, की अचानक तबीयत बिगड़ जाने के बाद उनका निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब 28 अक्टूबर की सुबह सवाईमाधोपुर स्टेशन पहुंची, तभी शांति देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ और सीने में दर्द की शिकायत हुई। इस पर रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए शांति देवी और उनके पति नंदकिशोर सोलंकी को ट्रेन से उतारा।
उनकी देखभाल के लिए कोच अनुदेशक विवेक व्यास को भी साथ में भेजा गया। विवेक व्यास ने शांति देवी को तत्काल राजकीय चिकित्सालय, सवाईमाधोपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। बावजूद इसके, उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीकानेर प्रशासन को अवगत कराया गया। देर रात शांति देवी का पार्थिव शरीर बीकानेर लाया गया, जहां पर 29 अक्टूबर को उनके पारिवारिक श्मशान स्थल पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
- Advertisement -
इस घटना से यात्रियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों में शोक की लहर है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे, लेकिन यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और आकस्मिक घटना रही।
