बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान से चोरों ने डेढ़ लाख रुपए से अधिक मूल्य के गहने और नकदी चोरी कर ली। परिवार दीपावली मनाने अपने गांव गया था, लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा और सामान बिखरा हुआ मिला।
खिलेरिया निवासी मूलाराम जाखड़ लूणकरणसर में किराए के मकान में भाभी और तीन भाइयों के बच्चों के साथ रह रहे हैं। मूलाराम खुद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और बच्चों को भी पढ़ा रहे हैं। दीपावली के दौरान परिवार अपने गांव गया हुआ था। गुरुवार को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
मूलाराम ने बताया कि चोरों ने एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी सोने के लूंग-झुमरे, दो चांदी की अंगूठियां और दो हजार रुपए नकद चुरा लिए हैं। चोरी हुई वस्तुओं की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।
मूलाराम जाखड़ ने तुरंत लूणकरणसर थाना जाकर चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल की जांच कर रही है।
- Advertisement -
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा में सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।