लूणकरणसर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लूणकरणसर की ओर से मूंग और मूंगफली फसल की सरकारी खरीद के टोकन बढ़ाने की मांग को लेकर 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे उपखंड कार्यालय लूणकरणसर के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र मूंड ने बताया कि इस वर्ष लूणकरणसर क्षेत्र में मूंग और मूंगफली की पैदावार अच्छी हुई है, लेकिन राज्य सरकार ने मूंगफली के लिए केवल 2618 और मूंग के लिए मात्र 128 टोकन जारी किए हैं, जो किसानों के साथ धोखा करने के समान है। उन्होंने कहा कि इतने कम टोकन किसानों की मेहनत और उपज के हिसाब से बिल्कुल अपर्याप्त हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियां किसान विरोधी साबित हो रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कम से कम 20,000 टोकन जारी किए जाएं ताकि किसानों की फसल की सरकारी खरीद सुनिश्चित हो सके। साथ ही, रबी फसलों के लिए डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति हो और नरमे की सरकारी खरीद के लिए सीसीआई केंद्र भी खोले जाएं।
इसके अतिरिक्त, ब्लॉक कांग्रेस ने नापासर में भी मूंग और मूंगफली की खरीद के लिए सरकारी केंद्र खोलने की मांग की है, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।
- Advertisement -
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 24 अक्टूबर को धरना प्रदर्शन के बाद भी सरकार ने इन मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो 27 अक्टूबर को बीकानेर जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस द्वारा यह आंदोलन क्षेत्र में किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।