


राजस्थान के कॉलेजों में हरियाली की मुहिम, छात्र और कर्मचारी लगाएंगे लाखों पौधे
बीकानेर: राजस्थान के सभी सरकारी और निजी कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस वर्ष विशेष पौधरोपण अभियान से जोड़ा जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने “मिशन हरियालो राजस्थान” के तहत प्रत्येक कॉलेज विद्यार्थी को दो पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। इसके जरिए प्रदेशभर में कुल 35 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने इस संबंध में सभी कॉलेज प्राचार्यों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार, राज्य सरकार मानसून सत्र में कुल 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग की भागीदारी 35 लाख पौधों की होगी।
एक जिला, एक प्रजाति को प्राथमिकता
- Advertisement -
पौधरोपण अभियान को स्थानीय पारिस्थितिकी से जोड़ते हुए “एक जिला, एक प्रजाति” की नीति को अपनाया जाएगा। यानी प्रत्येक कॉलेज को अपनी स्थानीय जलवायु और भू-प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त वनस्पति का चयन करना होगा। इसके लिए कॉलेज स्तर पर एक समिति गठित करने और एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रत्येक कर्मचारी को लगाने होंगे 5 पौधे

अभियान के तहत विद्यार्थियों को जहां दो-दो पौधे लगाने हैं, वहीं कॉलेज के व्याख्याताओं, प्रोफेसरों, कर्मचारियों और स्वयंसेवी इकाइयों (जैसे एनएसएस, एनसीसी, गाइड, रोवर-रेंजर) को पांच-पांच पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
तैयारी जोरों पर, जल्द शुरू होगा अभियान
मिशन हरियालो राजस्थान के तहत पौधरोपण की तैयारियां सभी कॉलेजों में शुरू कर दी गई हैं। कॉलेजों को लक्ष्य आवंटित किए जा चुके हैं और संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति के साथ-साथ प्रगति दर्ज करने के लिए एक मानक फॉर्मेट भी उपलब्ध कराया गया है। जल्द ही पूरे राज्य में कॉलेज स्तर पर इस हरित पहल की शुरुआत होगी।
राजेंद्र पुरोहित, प्राचार्य, डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर ने बताया कि कॉलेज में समिति का गठन कर लिया गया है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करेगा।