


गुजरात प्लेन हादसे के बाद राजस्थान बीजेपी ने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द किए
जयपुर। अहमदाबाद में हुए भीषण प्लेन हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान भाजपा ने गुरुवार को अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से अगली सूचना तक निरस्त कर दिए हैं। पार्टी ने इस निर्णय की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी।
भाजपा द्वारा जारी संदेश में कहा गया, “गुजरात में हुए दुखद प्लेन हादसे पर भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के आज के समस्त राजनीतिक कार्यक्रम अगली सूचना तक निरस्त किये जाते हैं।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों की कुशलता हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”
- Advertisement -
हादसा गुरुवार दोपहर 1:40 बजे हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। महज दो मिनट बाद ही विमान एयरपोर्ट परिसर के पास एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 52 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक भी शामिल थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान के क्रैश होने से पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया और कई जगहों से आग की लपटें भी देखी गईं। हादसे के वक्त विमान लगभग 625 फीट की ऊंचाई पर था। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन अब तक 100 शवों के मिलने की पुष्टि हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, विमान जिस इमारत से टकराया वह सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का हॉस्टल था। हादसे में करीब 15 डॉक्टरों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया है।
भयावह हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है और केंद्र व राज्य सरकारें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।