


भोपाल।
कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर केंद्र की भाजपा सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए बयान और देश में पकड़े गए ISI से जुड़े जासूसों के मामलों को लेकर उन्होंने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “देश में ISI से संबंध रखने वाले कुछ जासूस पकड़े गए हैं। DRDO का अधिकारी प्रदीप कुरुलकर, जो संघ से जुड़ा हुआ बताया गया, वह पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारी दे रहा था। वहीं बीजेपी का ध्रुव सक्सेना भी ISI के लिए काम करता पकड़ा गया था। लेकिन आज तक उस पर क्या कार्रवाई हुई?”
उन्होंने सवाल किया कि क्या BJP-RSS का कोई मुखबिरी इतिहास रहा है? साथ ही उन्होंने भाजपा पर पाकिस्तान के साथ संदिग्ध रिश्ते होने का आरोप लगाया।
मोदी सरकार पर निशाना
दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा, “जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने कहा था कि समस्या बॉर्डर पर नहीं, दिल्ली में है। आज वही बात हम दोहरा रहे हैं—देश के भीतर ही ऐसे लोग हैं, जो पाकिस्तान को सूचनाएं पहुंचा रहे हैं।”
- Advertisement -
उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। जयशंकर ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत में भारत ने पाकिस्तान को एक संदेश भेजा था कि यह हमला आतंकवाद के ढांचे पर है, इसमें हस्तक्षेप न करें। इस बयान को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं कि सरकार ने पाकिस्तान को पहले से सूचना क्यों दी।
दिग्विजय सिंह के सवाल:
-
ऑपरेशन से पहले पाकिस्तान को क्यों सूचित किया गया?
-
इससे देश को क्या नुकसान हुआ?
-
कितने आतंकी भाग निकले?
-
कितने विमान क्षतिग्रस्त हुए?
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ऐसे वक्तव्यों से भारत की सुरक्षा नीति पर प्रश्नचिह्न लगता है और यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार से पारदर्शी जवाब की मांग की है। वहीं, भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।